झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का आज सुबह बाथरूम में फिसलकर गिर जाने से उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि सिर में लगी चोट के कारण उनके ब्रेन में ब्लड क्लॉट हो गया है, जिससे उनकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।

हादसे के तुरंत बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद, उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया।

इस घटना की जानकारी झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी, और उन्होंने रामदास सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। खबर मिलते ही कई बड़े नेता, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी शामिल थे, अस्पताल पहुंचे। अर्जुन मुंडा ने दिल्ली के अपोलो अस्पताल के निदेशक से बात कर इलाज की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के एक बड़े नेता और घाटशिला से विधायक रामदास सोरेन की नाजुक हालत को देखते हुए, उनके परिवार और समर्थकों में चिंता का माहौल है। सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।